नई दिल्ली। दिसंबर की शुरुआत उपभोक्ताओं के लिए राहतभरी साबित हुई है, महीने के पहले दिन ही ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में कटौती की है, जिसके नए दाम आज से पूरे देश में लागू हो गए हैं,इस कमी से होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सीधा लाभ मिलेगा।
जानकारी के मुताबिक 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें महानगरों में 10 से 11 रुपये तक घटाई गई हैं,दिल्ली में यह सिलेंडर अब 1590 रुपये की जगह 1580 रुपये में मिलेगा। कोलकाता में इसकी कीमत 1694 रुपये से घटाकर 1684 रुपये कर दी गई है।
मुंबई में भी उपभोक्ताओं को राहत मिली है, जहां कमर्शियल सिलेंडर 1542 रुपये से घटकर 1531 रुपये का हो गया है, चेन्नई में इसका नया भाव 1739 रुपये तय किया गया है, जो पहले 1750 रुपये था।

हालाँकि, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए निराशा की बात यह है कि 14 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और कीमतें पुरानी ही बनी रहेंगी, उल्लेखनीय है कि नवंबर की शुरुआत में भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम कम किए गए थे, यानी लगातार दूसरे महीने कमी देखने को मिली है।
अन्य शहरों में कीमतें इस प्रकार हैं—
पटना: घरेलू सिलेंडर 951 रुपये, कमर्शियल 1843.50 रुपये
लखनऊ: घरेलू सिलेंडर 890.50 रुपये, कमर्शियल 1703 रुपये
भोपाल: घरेलू सिलेंडर 858.50 रुपये, कमर्शियल 1607.50 रुपये
कमर्शियल LPG के दामों में आई यह कमी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खर्च को कुछ हद तक घटाएगी, जबकि घरेलू उपभोक्ता अब भी आगामी बदलाव की प्रतीक्षा में हैं।










