भाटापारा। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित जीवन दीप समिति की बैठक में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा एक बार फिर प्रमुखता से उभरकर सामने आया, बैठक की अध्यक्षता कर रहे विधायक इंद्र साव ने अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति न होने पर कड़ी नाराजगी जताई और कहा कि इससे मरीजों को उचित और समय पर उपचार मिलना मुश्किल हो रहा है।

विधायक साव ने कहा कि भाटापारा का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए प्रमुख उपचार केंद्र है, रोजाना बड़ी संख्या में मरीज यहां भरोसे के साथ पहुंचते हैं, इसलिए प्राथमिक एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करना आवश्यक है, उन्होंने विशेषज्ञ डॉक्टरों की जल्द नियुक्ति के लिए तत्काल मांग पत्र भेजने तथा प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर स्थायी समाधान निकालने की बात कही।
बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई,प्रमुख प्रस्ताव इस प्रकार रहे—
मुख्य प्रवेश द्वार पर वॉचमैन एवं पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करना
अस्पताल परिसर में स्थित वाटर एटीएम (नलघर) को हटाना
लेबर वार्ड, आईओटी और जनरल वार्ड में नई वायरिंग, पेंट-पुट्टी तथा एसी की सुविधा उपलब्ध कराना
सफाई व्यवस्था को और मजबूत करना एवं एक आया की नियुक्ति

बैठक के बाद विधायक इंद्र साव ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण भी किया, उन्होंने बीएमओ को निर्देश दिया कि ओपीडी में आने वाले मरीजों को आभा ऐप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन और क्यूआर कोड स्कैन कर पर्ची प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया सरल तरीके से समझाई जाए, आवश्यकता होने पर इसके लिए एक सहयोगी कर्मचारी की तैनाती करने के भी निर्देश दिए,बैठक में विकासखंड चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










