DMF और आबकारी घोटाले पर बड़ी कार्रवाई

रायपुर। राज्य में डिस्ट्रीक्ट मिनरल फ़ाउंडेशन (DMF) और आबकारी घोटाले की जांच में आज बड़ी कार्रवाई की गई। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सुबह से संयुक्त रूप से प्रदेशभर के 18 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, कोंडागांव सहित कई जिलों में यह कार्रवाई जारी है।



रायपुर में छापेमारी
सूत्रों के मुताबिक रायपुर के ला विस्टा और रामा ग्रीन आवासीय परिसरों में भी छापे पड़े, यहां टीम ने पूर्व आबकारी आयुक्त निरंजन दास के निवास पर लगभग एक घंटे तलाशी ली,इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें पूछताछ के लिए साथ ले लिया है।

अंबिकापुर में कार्रवाई जारी
अंबिकापुर में भी दो स्थानों पर जांच की जा रही है। पर्राडांड निवासी डॉ. तनवीर अहमद और सत्तीपारा निवासी अमित अग्रवाल के ठिकानों पर सुबह से ही लगभग 8 सदस्यीय टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है,प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, DMF घोटाले से जुड़े करोड़ों रुपये की सप्लाई से संबंधित रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।



कोंडागांव में भी छापेमारी
कोंडागांव में कोणार्क जैन के घर पर EOW–ACB की टीम छानबीन कर रही है,यहां वित्तीय लेन-देन, टेंडर आवंटन और सप्लाई से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

लंबे समय से शिकायतों की जांच का हिस्सा
प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह पूरी कार्रवाई लंबे समय से मिल रहीं अनियमितताओं और शिकायतों की जांच का हिस्सा है। कई स्थानों पर अभी भी छापे जारी हैं,EOW और ACB जल्द ही इस पूरी कार्रवाई पर आधिकारिक बयान जारी कर सकती है।