खैरागढ गंडई। गंडई में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर संविधान बचाओ रैली और जन आक्रोश आमसभा का आयोजन किया गया,कार्यक्रम की अगुवाई कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की। रैली में सैकड़ों कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यकर्ताओं ने लड़ाई चौक पर भूपेश बघेल का पारंपरिक स्वागत किया और उन्हें लड्डुओं से तौला गया, सभा को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए।
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विजय वर्मा ने महतारी वंदन योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि ग्राम खुड़मुड़ी की 33 महिलाओं को अब तक योजना का लाभ नहीं मिला। उन्होंने भूपेश बघेल की 3100 रुपये में धान खरीदी की योजना की सराहना की।
ब्लॉक अध्यक्ष कोमल साहू ने भाजपा पर सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाया,ब्लॉक अध्यक्ष भीगेश यादव ने कहा कि गंडई को तहसील बनाने का श्रेय भूपेश बघेल को जाता है,नगर पंचायत अध्यक्ष खुशरो ने कहा, “संविधान ही नहीं, भारत को बचाने की जरूरत है।”
जिलाध्यक्ष गजेंद्र ठाकरे ने भाजपा सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने के लिए ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया,खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा ने भाजपा पर संविधान से खिलवाड़ करने और जनसमस्याओं को अनदेखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता की आस्था से जुड़े स्थल मीरा बाई चौक को तोड़कर भाजपा ने जनभावनाओं को आहत किया है।
पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने कहा, “अगर संविधान नहीं रहा तो आज़ादी भी नहीं बचेगी।”
हर्षिता स्वामी बघेल ने भाजपा पर लोकतंत्र समाप्त कर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने रोजगार गारंटी योजनाएं बंद कर दी हैं और शिक्षा के बजाय शराब की बिक्री को बढ़ावा दे रही है।
मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाएं दबाव में हैं, न्यायपालिका से लेकर निर्वाचन आयोग तक पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर संविधान को बदलने और लोकतंत्र को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश के लिए प्राण न्योछावर किए। आज भाजपा संविधान को खत्म करने पर तुली है। महतारी वंदन योजना को हमारी सरकार होती तो 1500 देते, धान 3200 में खरीदते, मनरेगा चालू रखते।”
कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता मोतीलाल जंघेल, गिरवर जंघेल, गुलाब चोपड़ा, मन्नू चंदेल, रणजीत सिंह चंदेल, मीरा चोपड़ा, रुक्मणी देवांगन, हेमलता ठाकुर, मंजू नेताम, लता देवांगन समेत कई प्रमुख नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर राशिद जमाल सिद्दीकी
–










