खैरागढ़। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के सख्त निर्देशों के तहत यातायात पुलिस खैरागढ़ द्वारा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कड़ी कार्रवाई की गई, इस दौरान विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस विभाग सहित अन्य शासकीय कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने वन विभाग, शिक्षा विभाग, खाद्य विभाग, जनपद, कलेक्ट्रेट एवं अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों पर हेलमेट और सीट बेल्ट न लगाने के मामलों में 28 प्रकरणों में कुल 13,400 रुपये की चालानी कार्रवाई की।

शासकीय कर्मचारियों को नियमों का पालन करने की समझाइश
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देश पर यातायात प्रभारी निरीक्षक शक्ति सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया, यातायात पुलिस की टीम ने शासकीय दफ्तरों के आसपास कड़ी जांच की और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आदर्श आचरण प्रस्तुत करने तथा यातायात नियमों का पालन करने हेतु समझाइश दी।

आमजन और सरकारी अधिकारियों के लिए एक समान नियम
आम जनता की अक्सर यह शिकायत रहती है कि पुलिस और शासकीय अधिकारियों को यातायात नियमों की अनदेखी करने की छूट मिलती है। इस धारणा को तोड़ते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी के लिए नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जा रही है।
जिले में ‘समर्थ’ अभियान के तहत यातायात जागरूकता अभियान जारी

यातायात पुलिस द्वारा आमजन में जागरूकता लाने के लिए “समर्थ” अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से नए-नए उपाय किए जा रहे हैं।

आम जनता से अपील
यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
रिपोर्टर राशीद जमाल सिद्दीकी










